Koderma: जिले के कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड स्थित नवलशाही रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी से खुलेआम कोयला चोरी का मामला सामने आया है. घटना सोमवार रात की बताई जा रही है. प्राप्त तस्वीरों में देखा जा सकता है कि स्टेशन पर खड़ी एक कोयला लदी मालगाड़ी से कुछ महिलाएं गमले में कोयला भरकर ले जा रही हैं. स्थानीय लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर इसकी शिकायत की.
स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब भी यहां कोयला लदी मालगाड़ी रुकती है, इसी तरह चोरी होती है. लोगों ने मामले की शिकायत नवलशाही स्टेशन मास्टर से की, तो उनका जवाब था कि यह मामला मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है, हम इसमें कुछ नहीं कर सकते.

रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग मालगाड़ी से कोयला निकालकर ले जाते हैं, लेकिन इसे रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है. आरोप है कि रेलवे कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं. इससे क्षेत्र में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. फिलहाल इस मामले में रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
