Hazaribagh: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही अब महंगी पड़ सकती है. DC हेमन्त सती ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट कर दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक के दौरान उन्होंने केरेडारी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया और सिविल सर्जन को एक सप्ताह के भीतर जवाब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
केरेडारी MOIC की कार्यशैली पर उठे सवाल
प्रशिक्षु IAS के निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए DC ने संबंधित MOIC से जवाब मांगा, साथ ही केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मेसिस्ट की कमी दूर करने के लिए आउटसोर्स एजेंसी से तत्काल पत्राचार करने का निर्देश भी दिया गया.
रोजाना भेजनी होगी कार्यस्थल की तस्वीर
बैठक में सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह रहने की हिदायत दी गई. DC ने निर्देश दिया कि सभी MOIC प्रतिदिन अपने कार्यस्थल की तस्वीर निर्धारित व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करेंगे, ताकि अस्पतालों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी हो सके.
अस्पतालों में बिजली, सफाई और दवाओं पर विशेष जोर
DC ने बिजली, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल समेत अस्पतालों की आधारभूत सुविधाओं को हर हाल में बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण OPD, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, नियमित जांच और एम्बुलेंस सेवा सुनिश्चित की जाए.
बड़कागांव CHC को अगले माह मिलेगी एम्बुलेंस
बैठक में बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए अगले माह तक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सभी सहियाओं और आउटसोर्स कर्मियों का मानदेय समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया.
स्वच्छ अस्पताल और आयुष्मान योजना पर फोकस
DC ने अस्पताल परिसरों की साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के बेहतर उपचार और संक्रमण नियंत्रण के लिए आवश्यक है. वहीं आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए.
