Giridih : जिला के तिसरी प्रखंड अंतर्गत मनसाडीह ओपी क्षेत्र के कुंडी गांव में एक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. विवाद, डीजे का बकाया पैसा मांगने को लेकर हुए. जो शाम तक खूनी रूप में बदल गया. महज 13 हजार रुपये के भुगतान को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि 65 वर्षीय जागेश्वर भुला की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मनसाडीह ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामा खेरवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया.
पैसे नहीं मिलने से बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पूर्व जागेश्वर भुला के घर शादी समारोह आयोजित हुआ था. शादी में डीजे की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी गांव के ही रामा खेरवार ने ली थी. बताया जाता है कि जागेश्वर भुला के कहने पर रामा खेरवार ने 13 हजार रुपये किराये पर डीजे मंगवाया था. हालांकि, समारोह समाप्त होने के बाद भी जागेश्वर भुला ने डीजे संचालक का भुगतान नहीं किया. काफी इंतजार के बाद अंततः रामा खेरवार को अपनी ओर से डीजे का पूरा बकाया चुकाना पड़ा. इसके बाद से वह लगातार जागेश्वर भुला से अपनी राशि वापस मांग रहा था, लेकिन उसे पैसे नहीं मिले.
लाठी से वार करने पर हुई मौत
सोमवार की शाम रामा खेरवार एक बार फिर बकाया राशि मांगने जागेश्वर भुला के घर पहुंचा. इसी दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी. आरोप है कि गुस्से में रामा खेरवार ने लाठी उठाकर जागेश्वर भुला के सर पर जोरदार वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से जागेश्वर भुला मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई.
घर से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मनसाडीह ओपी प्रभारी अरविन्द ठाकुर पुलिस बल के साथ रात में ही कुंडी गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर मनसाडीह ओपी लाई. मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजा गया. पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी रामा खेरवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
हत्या करने का इरादा नहीं था
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष कहा कि उसका हत्या करने का इरादा नहीं था. उसके अनुसार, पैसे मांगने के दौरान झगड़ा हो गया था और उसी दौरान लाठी से वार करने पर जागेश्वर भुला की मौत हो गई. हालांकि पुलिस ने इस दलील के बावजूद हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
ALSO READ : BREAKING जज उत्तम आनंद हत्याकांड : सजायाफ्ता लखन वर्मा और राहुल वर्मा की सजा HC से बरकरार
