Lohardaga: पर्यावरण संरक्षण और सतत औद्योगिक विकास के संकल्प को मजबूत करते हुए सोमवार को दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण को समाज एवं उद्योगों की साझा जिम्मेदारी बताया.
‘ग्रीन स्टील’ ही भविष्य का औद्योगिक विकास : सांसद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि वर्तमान समय में औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बनाना बेहद जरूरी है. तेजी से बढ़ते औद्योगीकरण के बीच प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और हरित वातावरण का निर्माण आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक है. उन्होंने कहा कि यदि विकास को टिकाऊ और समावेशी बनाना है, तो उद्योगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देनी होगी.
उद्योग निभाएं सामाजिक जिम्मेदारी
सांसद ने कहा, “हरित इस्पात (ग्रीन स्टील) ही देश के औद्योगिक विकास का भविष्य है, उत्पादन के साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.” उन्होंने जोर देकर कहा कि बड़े उद्योग केवल उत्पादन और आर्थिक गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएं.
ALSO READ: मन्नान मल्लिक के रूप में बुझ गया धनबाद के मजदूरों का मसीहा, राहुल गांधी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
हरित और पर्यावरण अनुकूल परिसर बनाने की दिशा में प्रयास
इस अवसर पर प्लांट के अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि दुर्गापुर स्टील प्लांट परिसर को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए समय-समय पर वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं.
विकास और पर्यावरण के संतुलन का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया. सांसद सुखदेव भगत ने विश्वास जताया कि यदि उद्योग, समाज और प्रशासन मिलकर प्रयास करें, तो विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच बेहतर संतुलन स्थापित किया जा सकता है और यही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बनेगा.
