जामताड़ा: JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, 16 केंद्रों पर 4,380 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Jamtara: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 19 जुलाई को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2024 की तैयारियों का...

परीक्षा केंद्रों की तैयारियों का निरीक्षण करते उपायुक्त आलोक कुमार
परीक्षा केंद्रों की तैयारियों का निरीक्षण करते उपायुक्त

Jamtara: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 19 जुलाई को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2024 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीएम उत्कृष्ट विद्यालय (गर्ल्स), जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, बेसिक स्कूल, प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूल, आरके प्लस टू विद्यालय, यूएचएस शहरडाल, एडवर्ड्स इंग्लिश स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोनबाद सहित कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सीटिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, प्रवेश-निकास, सुरक्षा व्यवस्था तथा फ्रिस्किंग की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया. जिन केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था में कमी पाई गई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए. साथ ही परीक्षार्थियों के बैग व अन्य सामान रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए सघन फ्रिस्किंग के निर्देश

उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का पुनः सत्यापन करने तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होनी चाहिए. उन्होंने अभ्यर्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सघन फ्रिस्किंग कराने, प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर रोक लगाने, अनधिकृत व्यक्तियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए. साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा.

विद्यालयों की शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं का भी किया निरीक्षण

विद्यालयों के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं, पुस्तकालय, भौतिकी, रसायन एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं तथा आईसीटी लैब का भी निरीक्षण किया. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत, चहारदीवारी निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. गौरतलब है कि 19 जुलाई को जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर 4,380 परीक्षार्थी झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2024 में शामिल होंगे. परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

ALSO READ: चाईबासा: दूरस्थ हेस्साडीह पहुंचे DC-SP, सुरक्षा व्यवस्था के साथ विकास योजनाओं का लिया जायजा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *