Chaibasa: आहार दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी 18 प्रखंडों में प्रतिनियुक्त वरीय एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों ने व्यापक भ्रमण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों का निरीक्षण कर राशन वितरण, ई-पॉस मशीन से वितरण, स्टॉक एवं अभिलेखों का सत्यापन किया तथा लाभुकों से फीडबैक भी लिया. निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार की धोती, साड़ी एवं लूंगी वितरण योजना के तहत पात्र लाभुकों के बीच वस्त्र वितरित किए गए. अधिकारियों ने वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी पात्र लाभुकों तक समय पर योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए.
पंचायत सचिवालयों के सुदृढ़ीकरण कार्यों का लिया जायजा
पदाधिकारियों ने पंचायत सचिवालयों के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं, कार्यालय संचालन व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. संबंधित एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.
मतदाता पुनरीक्षण के डिजिटाइजेशन कार्यों की हुई समीक्षा
इसके अलावा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा करते हुए BLO एवं निर्वाचन कर्मियों को शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन समय पर पूरा करने और प्रत्येक प्रविष्टि की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. जिला प्रशासन ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए वरीय एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों का प्रखंड भ्रमण लगातार जारी रहेगा, ताकि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंच सके.
