Chaibasa: सदर बाजार स्थित प्राचीन काली मंदिर में शनिवार को श्री श्री काली मंदिर ट्रस्ट कमेटी के तत्वावधान में मां विपत्तारिणी की पूजा श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई.
भक्तिमय माहौल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा. महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां विपत्तारिणी का व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सभी प्रकार की विपत्तियों से रक्षा की कामना की.
महाप्रसाद का हुआ वितरण
विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में ट्रस्ट कमेटी और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
ट्रस्ट कमेटी ने जताया आभार
ट्रस्ट कमेटी के सदस्य त्रिशानु राय ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए मां विपत्तारिणी से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर ‘जय मां काली’ और ‘जय मां विपत्तारिणी’ के जयघोष से गूंजता रहा.इस अवसर पर परिमल गांगुली, दिव्येंदु राय, नाडु गोपाल राय और अनुप मुखर्जी ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई. वहीं मंदिर समिति के सचिव सुशांत राय, बिधुत राय सहित राय परिवार के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया.
