राजनीतिक सरगर्मी : NEET धांधली और छात्र आत्महत्या के मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये

Ranchi : राजधानी में आज कांग्रेस पार्टी भाजपा कार्यालय का घेराव करने वाली है. यह घेराव मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट NEET में...

भाजपा कार्यालय का घेराव

Ranchi : राजधानी में आज कांग्रेस पार्टी भाजपा कार्यालय का घेराव करने वाली है. यह घेराव मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट NEET में कथित धांधली और हाल के दिनों में छात्रों द्वारा की गई आत्महत्या के मामले से जुड़ा हुआ है. कांग्रेस के इस बड़े आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. भाजपा कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है. हालात को देखते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए भाजपा कार्यालय के बाहर और आसपास के इलाकों में सैकड़ों की संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. जवानों के साथ-साथ भारी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है. जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे आंदोलनकारियों को कार्यालय परिसर में घुसने से रोका जा सके. पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी खुद मौके पर मौजूद है और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है.

 

सुरक्षा व्यवस्था में की गयी बैरेकेडिंग
सुरक्षा व्यवस्था में की गयी बैरेकेडिंग

भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव की संभावना

कांग्रेस के इस प्रदर्शन का जवाब देने और अपने कार्यालय की सुरक्षा के लिए भाजपा भी पूरी तरह तैयार नजर आ रही है. सुबह से ही भाजपा कार्यालय के बाहर और भीतर सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और भाजपा नेता जुटने शुरू हो गए. भाजपा नेताओं का कहना है कि वे कांग्रेस के किसी भी असंवैधानिक कदम का पुरजोर विरोध करेंगे. कार्यालय के बाहर का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रूप से गरमाया हुआ है और दोनों दलों के बीच सीधे टकराव की आशंका को देखते हुए तनाव बना हुआ है.

भाजपा कार्यालय के समक्ष महिला कार्यकर्ताएं
भाजपा कार्यालय के समक्ष महिला कार्यकर्ताएं

ईमानदार छात्रों का भविष्य अंधकार में

कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार को घेरने के लिए नीट परीक्षा के विवाद को एक बड़ा हथियार बनाया है. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और धांधली हुई है. जिससे लाखों ईमानदार छात्रों का भविष्य अंधकार में लटक गया है. इसके साथ ही, मानसिक तनाव के कारण हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों ने आत्महत्या कर ली. इन मामलों को कांग्रेस ने इस आंदोलन का मुख्य एजेंडा बनाया है. कांग्रेस का कहना है कि सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है, और इस सोई हुई सरकार को जगाने के लिए यह घेराव किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी का दौर जारी है और पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है.

 

ALSO READ : प्रस्तावित फुटबॉल ग्राउंड के विरोध में हाईकोर्ट में याचिका दायर, चीफ जस्टिस की बेंच सोमवार को करेगी सुनवाई

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *