Palamu: पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड मामले में पुलिस को एक छोटी सफलता मिली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के एक आरोपी प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आपको बताते चले की गत 25 अप्रैल 2026 को विनीत तिवारी का उनके घर के समीप से अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे. इस मामले का मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जबकि उसके बड़े भाई दिलीप तिवारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
अन्य अरोपीयों को भी जल्द किया जएगा गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रशांत तिवारी को झांसी से दबोचा. पूछताछ के दौरान उसने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि घटना की रात नशे में धुत होकर चारों आरोपियों ने विनीत तिवारी को उनके घर के पास से अगवा किया था. इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई. अगले दिन सुबह जब पुलिस की दबिश की जानकारी मिली, तो वे फरार हो गए. कुछ दिन जंगलों में छिपकर बिताने के बाद प्रशांत झांसी भाग गया था. पकड़े गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे का अनुसंधान कर रही है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. उन्होंने दावा किया कि मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल सहित अन्य सभी फरार आरोपियों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ALSO READ : कोडरमा में NIA की बड़ी कार्रवाई, अवैध विस्फोटक मामले में दो गिरफ्तार
