Ranchi: रांची जिले में राजस्व संग्रह बढ़ाने को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में परिवहन, उत्पाद, निबंधन, खनन, मत्स्य, राज्यकर, बाजार समिति, माप-तौल समेत कई विभागों के कामकाज और राजस्व वसूली की विस्तार से समीक्षा की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसी भी विभाग का राजस्व संग्रह पिछले वर्ष से कम नहीं होना चाहिए. सभी विभाग तय लक्ष्य के अनुसार काम करें, नियमित समीक्षा करें और लंबित मामलों का जल्द निपटारा कर राजस्व वसूली में तेजी लाएं.
326 छापेमारी, 8,645 लीटर विदेशी शराब जब्त
उत्पाद विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 326 छापेमारी की गई है, जिसमें 8,645 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई. उपायुक्त ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पिछले साल इसी अवधि में विभाग ने करीब 130 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया था, जबकि इस वर्ष लक्ष्य बढ़ाकर 190 करोड़ रुपये रखा गया है. इसे हासिल करने के लिए लगातार कार्रवाई करनी होगी.
यह भी पढ़ें: रांची के तीन तालाबों को अतिक्रमण से मिलेगा छुटकारा, नगर निगम ने शुरू की बड़ी कार्रवाई
परिवहन, निबंधन और खनन विभाग को भी मिले निर्देश
बैठक में परिवहन विभाग को नियमित जांच अभियान चलाकर राजस्व वसूली बढ़ाने को कहा गया. निबंधन विभाग को निर्देश दिया गया कि संपत्ति का रजिस्ट्रेशन नियमानुसार संबंधित कार्यालय में ही हो और लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए. वहीं खनन, राज्यकर और अन्य राजस्व संग्रह करने वाले विभागों को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए गए.
मत्स्य विभाग से कहा- एक भी बकाया नहीं छूटना चाहिए
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व का कोई भी बकाया नहीं छूटना चाहिए. सभी लंबित देयों की समय पर वसूली सुनिश्चित की जाए. बाजार समिति और नीलाम पत्र शाखा को भी वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी पत्राचार समय पर पूरा करने को कहा गया.

माप-तौल विभाग नियमित जांच करेगा
माप-तौल विभाग को सभी लाइसेंस अपडेट रखने और बाजारों में नियमित निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके. बैठक में विभिन्न विभागों में खाली पदों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए काम में तेजी लाई जाए और जरूरत के अनुसार रिक्त पदों का प्रस्ताव समय पर भेजा जाए.
