Chatra: गोपनीय शाखा कार्यालय कक्ष में गुरुवार को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला योजना अनाबद्ध निधि अंतर्गत क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 के तहत संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई.
लंबित योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की लंबित एवं अपूर्ण योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करते हुए योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करें.
स्वीकृत योजनाओं का काम जल्द शुरू करने का आदेश
बैठक में उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं को शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है, उनका कार्य बिना देरी के शुरू किया जाए, ताकि जिले में विकास कार्यों को गति मिल सके और आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल पाए.
नियमित समीक्षा के दिए निर्देश
उपायुक्त रवि आनंद ने सभी विभागों को स्वीकृत योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और उनके क्रियान्वयन की प्रगति पर नजर रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, भवन निर्माण विभाग भवन प्रमंडल तथा जिला अभियंता जिला परिषद चतरा सहित संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ: पलामू पुलिस का बड़ा एक्शन, नकली बीज फैक्ट्री का पर्दाफाश
