Ranchi: भारतीय जनता पार्टी ने 24 जुलाई को झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन करने का ऐलान किया है. यह कार्यक्रम शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि झारखंड में JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही समेत कई भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इन मुद्दों पर चुप है.
कांग्रेस का रवैया दोहरा- बालमुकुंद सहाय
बालमुकुंद सहाय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया दोहरा है. उनके मुताबिक, कांग्रेस देशभर में परीक्षा में पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों पर कुछ नहीं बोलती. उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भाजपा कांग्रेस के इस कथित दोहरे रवैए के खिलाफ राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करेगी. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को सच में छात्रों और युवाओं की चिंता है, तो उसे झारखंड में JPSC की सभी परीक्षाओं की CBI जांच की मांग अपनी सहयोगी हेमंत सरकार से करनी चाहिए.
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग
भाजपा ने मांग की है कि सभी भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच हो, पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और यदि किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. इसी मांग को लेकर पार्टी शुक्रवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन करेगी.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: तिरूलडीह के पूर्व मुखिया मेघनाथ सिंह पातर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
