जामताड़ा में काजू बागान के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, DC ने प्रोसेसिंग प्लांट की तैयारी तेज करने के दिए निर्देश

Jamtara: जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को नाला प्रखंड के डारर-केवलजुडिया गांव स्थित काजू बागान का निरीक्षण...

Jamtara
जामताड़ा में काजू बागान के विकास को मिलेगी नई रफ्तार.

Jamtara: जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को नाला प्रखंड के डारर-केवलजुडिया गांव स्थित काजू बागान का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बागान का भ्रमण कर काजू उत्पादन, पौधों की स्थिति, रखरखाव और भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की.

काजू बागान के समग्र विकास पर हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ काजू बागान के समग्र विकास और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने क्षेत्र में काजू उत्पादन को बढ़ावा देने तथा बागान के बेहतर रखरखाव के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए.

प्रोसेसिंग प्लांट की तैयारी तेज करने का निर्देश

उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को काजू प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की दिशा में आवश्यक पहल तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा. साथ ही परिवहन लागत में कमी आएगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

काजू आधारित उद्योगों की संभावनाओं पर होगा काम

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बागान की उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा काजू आधारित उद्योगों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि इससे क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी.

मुख्यमंत्री के निर्देश पर तैयार होगा विस्तृत प्रस्ताव

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भी काजू बागान के विकास को गंभीरता से लिया है. उन्होंने कहा कि काजू प्रोसेसिंग प्लांट और बागान के समग्र विकास से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नाला क्षेत्र काजू उत्पादन और प्रसंस्करण का प्रमुख केंद्र बन सकता है.

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी, रेंजर मृत्युंजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

ALSO READ : बोकारो: माकपा ने छात्रों के आंदोलन को बताया लोकतंत्र की जीत, NTA भंग करने की उठाई मांग

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *