Koderma: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में झुमरीतिलैया में आम नागरिकों के बैनर तले शनिवार को प्रतिवाद मार्च निकाला गया. सुभाष चौक से शुरू हुआ यह मार्च झंडा चौक तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
छात्रों और आम नागरिकों ने दिखाई एकजुटता
प्रतिवाद मार्च में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तिरंगा और विभिन्न मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर अपनी आवाज बुलंद की. इस दौरान दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की गई.
छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार पर जताया विरोध
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी तरह का दमन लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है.
छात्र आंदोलन की जीत बताया धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
पूर्व छात्र नेता रवि पासवान ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों के संघर्ष की जीत है. उन्होंने कहा कि देश के छात्रों ने लंबे समय बाद एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया है, जिसकी चर्चा आने वाले वर्षों तक होगी. उन्होंने कहा कि छात्र विरोधी नीतियों और सरकार की कथित तानाशाही के खिलाफ आंदोलन और संघर्ष आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने शांतिपूर्ण प्रतिवाद मार्च में शामिल छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों का आभार जताया.
NEET छात्रों को दी गई श्रद्धांजलि
झंडा चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों ने NEET परीक्षा विवाद के बाद देशभर में जान गंवाने वाले करीब 25 छात्रों को श्रद्धांजलि दी. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग उठाई.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बांटी मिठाई
प्रतिवाद मार्च में शामिल लोगों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर खुशी जाहिर की और छात्रों व आम नागरिकों के बीच लड्डू बांटे. उन्होंने इसे छात्रों के संघर्ष की सफलता बताया.
कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रतिवाद मार्च में राजद के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, राजद जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, जिला परिषद सदस्य शांति प्रिया, सीपीएम नेता असीम सरकार, जेएमएम नेता श्यामदेव यादव, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष महेश यादव, अभिभावक संघ अध्यक्ष संजय साजन सहित कई राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे.
ALSO READ: जमशेदपुर: DLSA का विधिक जागरूकता अभियान, लोगों को दी गई कानून और अधिकारों की जानकारी
