Palamu: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरंदर बिगहा के समीप रविवार को एक अनियंत्रित मालवाहक भारी वाहन सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का पोल बुरी तरह टेढ़ा हो गया, जबकि मालवाहक वाहन का अगला लोहे का बंपर भी टूट गया.
कई गांवों की बिजली आपूर्ति हुई बाधित
हादसे के बाद पुरंदर बिगहा के कुछ हिस्सों, दंगवार तथा कजरात नावाडीह क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई. बिजली गुल होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति तत्काल बंद
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची, विभाग ने किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी, विभागीय कर्मी क्षतिग्रस्त पोल और बिजली तारों की मरम्मत में जुट गए हैं.
चालक वाहन लेकर मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मालवाहक वाहन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हालांकि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है.
मरम्मत के बाद बहाल होगी बिजली
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है. मरम्मत कार्य पूरा होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पुनः बहाल कर दी जाएगी.
