Chakradharpur: जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चक्रधरपुर नगर परिषद द्वारा कार्मेल स्कूल में ‘कैच द रेन’ जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
अभियान के तहत स्कूल परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ‘कैच द रेन जहां भी गिरे, जब भी गिरे, वर्षा जल संचित करें’ के संदेश के साथ जागरूकता रैली निकाली. इस दौरान बच्चों के हाथों में जल संरक्षण से जुड़े संदेशों वाले बैनर और पोस्टर थे. विद्यार्थियों ने लोगों से पानी की हर बूंद को बचाने की अपील की.
वर्षा जल संचयन के महत्व की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में अधिकारियों और वक्ताओं ने विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन की तकनीक, भू-जल स्तर में सुधार, जल संकट से बचाव और पानी के सही उपयोग के बारे में जानकारी दी. बच्चों को अपने घरों और स्कूल परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया.
जल संरक्षण के लिए बच्चों की भागीदारी जरूरी
नगर परिषद के अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण बेहद जरूरी है. ऐसे अभियानों में स्कूली बच्चों की भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है. उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक वर्षा जल को बचाने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट को कम किया जा सकता है.
विद्यार्थियों ने ली जल बचाने की शपथ
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने एक साथ जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को अपनाने की शपथ ली. सभी ने जल की एक-एक बूंद बचाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया.
