Giridih: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने गिरिडीह समाहरणालय परिसर स्थित वोटर हेल्पलाइन एवं मतदाता सहायता केंद्र का निरीक्षण किया.
हेल्पलाइन की व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, मतदाताओं को दी जा रही सहायता, प्राप्त कॉल, शिकायतों के निस्तारण और SIR-2026 से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को समय पर, पारदर्शी और संतोषजनक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न हो.
आयुक्त ने खुद बैठकर जानी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने स्वयं हेल्पलाइन केंद्र पर बैठकर वहां की व्यवस्थाओं को समझा. उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
डीसी ने दी SIR-2026 की प्रगति की जानकारी
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने SIR-2026 अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण, हेल्पलाइन से मिल रही सहायता, शिकायतों के समाधान और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी.उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन सभी पात्र मतदाताओं तक समय पर सूचना और आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है.
1950 हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील
आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने नागरिकों से निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि SIR-2026 से जुड़ी किसी भी जानकारी, गणना प्रपत्र भरने या अन्य सहायता के लिए यह हेल्पलाइन त्वरित और विश्वसनीय माध्यम है.उन्होंने अधिकारियों को हेल्पलाइन सेवा को और अधिक जनसुलभ एवं प्रभावी बनाने का निर्देश दिया, ताकि हर शिकायत और जिज्ञासा का समयबद्ध समाधान हो सके.
मतदाता सूची को शुद्ध बनाने पर जोर
आयुक्त ने सभी नागरिकों से समय पर गणना प्रपत्र भरने और शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग करने की अपील की. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
ALSO READ: झारखंड मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना: साहेबगंज के लिए 3 नए ग्रामीण मार्ग अधिसूचित
