सरायकेला : आजादी के 78 साल और राज्य गठन के 25 साल बाद भी कुकड़ू के ओड़िया पंचायत में मूलभूत सुविधाओं का अभाव

Saraikela: देश की आजादी के 78 वर्ष और झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी कुकड़ू प्रखंड के...

Saraikela: देश की आजादी के 78 वर्ष और झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी कुकड़ू प्रखंड के कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. शुद्ध पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य केंद्र और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं अब भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं.

नामों कुल्ली में अब तक नहीं बनी PCC सड़क

ओड़िया पंचायत के ग्रामीण आज भी कच्ची और कीचड़ भरी सड़कों पर चलने को मजबूर हैं. खासकर नामों कुल्ली टोला में अब तक PCC सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है.

उपाध्यक्ष के समक्ष रखी समस्याएं

मंगलवार को जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के ओड़िया पंचायत पहुंचने पर ग्रामीणों, मुखिया, ग्राम प्रधान और पंचायत प्रतिनिधियों ने एकत्रित होकर अपनी समस्याएं रखीं.

ग्रामीणों ने बताया कि ओड़िया पंचायत के अधिकांश टोलों में PCC सड़क बन चुकी है, लेकिन नामों कुल्ली में करीब 1000 फीट सड़क अब भी कच्ची है. बरसात के दौरान यहां कीचड़ और जलजमाव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है. किसी के बीमार होने पर मुख्यालय तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है.

सड़क और पेयजल व्यवस्था की मांग

ग्रामीणों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष से मांग की कि उनके स्तर से नामों कुल्ली में PCC सड़क का निर्माण कराया जाए और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें.

Also Read: JPSC-JSSC परीक्षा विवाद: छात्रों का जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में महाजुटान, फिरायालाल चौक तक निकाली संविधान यात्रा

23 सोलर जलमीनार से मिली राहत

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि “धरती आबा जनजातीय ग्राम ऊर्जा योजना” के तहत ओड़िया गांव में 23-24 सोलर जलमीनार लगाए गए हैं. यह योजना सफल रही है और अब ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिल रहा है. पहले पानी की भारी समस्या थी, जिसमें अब काफी सुधार हुआ है.

उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सहयोग से यह कार्य संभव हुआ है. साथ ही नामों कुल्ली में PCC सड़क निर्माण की मांग को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा.

ग्रामीणों ने जताई उम्मीद

ग्रामीणों ने सड़क और पेयजल के लिए किए जा रहे प्रयासों पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि उनकी अन्य लंबित मांगों को भी जल्द पूरा किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *