Hazaribagh: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित भेलवाटांड़ जंगल (भोलुआ पोखर, सिंघानी) में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में DAV पब्लिक स्कूल, हजारीबाग के नौवीं कक्षा के छात्र हिमांशु राज (15 वर्ष) की तालाब में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे परिवार, विद्यालय तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं, इस मामले को लेकर परिजनों ने निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. मृतक हिमांशु राज, धर्मेंद्र कुमार का पुत्र था. धर्मेंद्र कुमार झारखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में कोडरमा में पदस्थापित हैं. परिवार हजारीबाग के नूतन नगर में रहता है, जबकि उनका मूल निवास कटकमदाग प्रखंड के ग्राम पसई में है.
स्कूल जाने के लिए घर स निकला था हिमांशु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमांशु बुधवार सुबह घर से स्कूल वैन पकड़कर स्कूल जाने के लिए निकला था. इसी बीच परिजनों को सूचना मिली कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भोलुआ पोखर, सिंघानी में उसका शव मिला है. बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ मित्रों के साथ वहां गया था. आशंका है कि तालाब में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना के बाद उसके साथ गए कुछ मित्र वहां से चले गए.
पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों एवं मुक्ति सेवा संस्थान के नीरज कुमार के सहयोग से छात्र के शव को तालाब से बाहर निकाला गया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया एवं पंचनामा पूरा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
मामले की जानकारी मिलते ही हजारीबाग पहुंचे पिता
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा में पदस्थापित पिता धर्मेंद्र कुमार तत्काल हजारीबाग पहुंचे. बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने पर सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी तत्काल अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में परिजनों को सहयोग किया. साथ ही कटकमदाग के अंचल अधिकारी को भी मामले की जानकारी दी गई. रंजन चौधरी ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा, कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि छात्र किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा और हादसा कैसे हुआ. उन्होंने अभिभावकों एवं बच्चों से भी अपील की, कि सुनसान एवं गहरे जलाशयों में जाने से बचें तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें.
मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
सांसद मनीष जायसवाल ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत छात्र की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की. उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खतरनाक जलाशयों के प्रति सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित किया है. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
