Koderma: चंदवारा प्रखंड परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार मिश्रा, अंचल अधिकारी अशोक कुमार भारती तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मयूरी सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित थीं.
तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार मिश्रा ने तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर, फेफड़ों से संबंधित रोग सहित कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. वहीं अंचल अधिकारी अशोक कुमार भारती ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील की.
कोटपा अधिनियम और नशा मुक्ति केंद्र की दी जानकारी
जिला परामर्शदाता दीपेश कुमार ने कोटपा अधिनियम, 2003 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए लोगों को तंबाकू नियंत्रण से संबंधित नियमों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल, कोडरमा में नशा मुक्ति केंद्र संचालित है, जहां नशे की लत से छुटकारा पाने के इच्छुक लोग परामर्श एवं आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं. मौके पर पंचायत सचिव, ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, मुखिया, उपमुखिया, अनुसेवक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
ALSO READ: कोडरमा: बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
