Ranchi: झारखंड सरकार ने आगामी श्रावणी मेले के दौरान देवघर स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर और दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए VIP दर्शन और बिना बारी के दर्शन पर पूर्णतः रोक लगा दी है. इस संबंध में झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की अपर मुख्य सचिव वंदना डाडेल द्वारा बुधवार को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है.
जाने आदेश की मुख्य बातें और दिशा निर्देश
– यह निर्देश भारत सरकार के कैबिनेट सचिव, सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, प्रशासकों, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल तथा सभी उच्च न्यायालयों के रजिस्ट्रार जनरल को भेजा गया है.
– राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेले (जुलाई-अगस्त) के दौरान VIP दर्शन के लिए किसी भी प्रकार की सिफारिश या अनुरोध राज्य सरकार या जिला प्रशासन को न भेजा जाए.
– श्रावणी मेले के दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ मंदिर पहुंचते हैं. आम श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा को दूर करने और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है.
– श्रावणी मेले के दौरान आम और खास सभी श्रद्धालुओं को एक समान व्यवस्था के तहत ही बाबा के दर्शन करने होंगे, ताकि सभी भक्त सुगमता और सुरक्षा के साथ जलाभिषेक कर सकें.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: तालाब में डूबने से DAV पब्लिक स्कूल के 9वीं के छात्र की मौत
