Hazaribagh: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने उत्तर झारखंड को हवाई संपर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने हजारीबाग में आधुनिक एयरपोर्ट निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा. सांसद ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे हजारीबाग जिले में अब तक एयरपोर्ट नहीं होने से क्षेत्र के विकास की गति प्रभावित हो रही है.
इन क्षेत्रों की वजह से एयरपोर्ट की हैं जरूरत- सांसद
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि हजारीबाग शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है. राष्ट्रीय राजमार्गों से बेहतर संपर्क होने के बावजूद हवाई सेवा का अभाव उद्योगपतियों, निवेशकों, व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है. उन्होंने कहा कि उत्तर झारखंड में औद्योगिक विकास और निवेश की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन एयरपोर्ट नहीं होने के कारण इन संभावनाओं का पूरा लाभ क्षेत्र को नहीं मिल पा रहा है.
मनीष जायसवाल ने केंद्र सरकार से झारखंड सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर हजारीबाग एयरपोर्ट परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित इस परियोजना में अब और देरी नहीं होनी चाहिए. साथ ही केंद्रीय मंत्री को झारखंड आने का निमंत्रण देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ संयुक्त बैठक कर परियोजना को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया.
लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा- सांसद
सांसद ने कहा कि हजारीबाग में एयरपोर्ट बनने से केवल जिले को ही नहीं, बल्कि रामगढ़, चतरा, कोडरमा और गिरिडीह समेत पूरे उत्तर झारखंड के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, औद्योगिक निवेश बढ़ेगा, नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.
गौरतलब है कि हजारीबाग में एयरपोर्ट निर्माण की मांग लंबे समय से उठती रही है. विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा समय-समय पर इस मुद्दे को उठाया जाता रहा है. सांसद की इस पहल के बाद क्षेत्र के लोगों की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं और अब सभी की नजरें केंद्र और राज्य सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं.
