Jamtara: पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को गांधी मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने किया. इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी मौजूद रहे.


संघर्ष को किया याद
कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इस दौरान जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने झारखंड आंदोलन तथा जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में उनके योगदान को याद किया.


भारत रत्न की मांग
सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने के बावजूद दिशोम गुरु के योगदान का दायरा इससे कहीं बड़ा है. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन और वंचित समाज के अधिकारों के लिए उनके आजीवन संघर्ष को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए. उन्होंने इसे झारखंड की जनता की भावनाओं से जुड़ी मांग बताया.


गुरुजी के विचार अमर
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि इंदिरा चौक पर दिशोम गुरु की प्रतिमा स्थापित होना गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन त्याग, संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक रहा है तथा उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे. उन्होंने सभी से गुरुजी के आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया.

युवाओं को दिया संदेश
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि शिबू सोरेन का पूरा जीवन आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और अलग झारखंड राज्य के आंदोलन को समर्पित रहा. उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए.
खेल से जुड़ेंगे युवा
उन्होंने कहा कि फुटबॉल टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी तक दिशोम गुरु के विचारों और संघर्ष की विरासत पहुंचाने का एक माध्यम है. खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और भाईचारे की भावना विकसित करते हैं.

रही बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए. सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.

