Koderma: रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत गझंडी रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 विदेशी बीयर की बोतलें जब्त की हैं. रेलवे निरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी श्रवण कुमार और आरक्षी पूरण चन्द मीना गझंडी स्टेशन पर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 13233 के आगमन पर ट्रेन की चेकिंग की गई. चेकिंग के दौरान बाथरूम के पास प्लेटफॉर्म पर दो ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में रखे मिले. आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया. शक के आधार पर बैग खोलकर जांच की गई. पहले पीले रंग के ट्रॉली बैग से 66 बोतल और दूसरे लाल रंग के बैग से 60 बोतल Kingfisher Strong Premium Beer बरामद हुई. प्रत्येक बोतल 500 ML की थी और उस पर 150 रुपये MRP अंकित था. ट्रेन के कम ठहराव के कारण पूरे कोच की जांच नहीं हो सकी, जिससे तस्कर का पता नहीं चल सका. निरीक्षक दीपक कुमार ने गवाहों के समक्ष दोपहर 3:10 बजे सभी बीयर को जब्ती सूची बनाकर जब्त किया. जब्त शराब की कुल क्षमता 63,000 ML और कुल कीमत 18,900 रुपये आंकी गई. अग्रिम कार्रवाई के लिए जब्त सामान उत्पाद विभाग कोडरमा को सुपुर्द कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: इतिहास को कभी नजरअंदाज न करें, झारखंड है वीरों की धरती : सीएम


