Ranchi: प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और छात्रों की समस्याओं को लेकर बुधवार को राजधानी रांची स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव इरफान अहमद अंसारी ने की. बैठक में राजद, कांग्रेस, टीएमसी, भाकपा, माकपा, लोक सेवा समिति, मुस्लिम मजलिसे उलेमा सहित कई छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
भर्ती प्रक्रिया और छात्रवृत्ति पर हुई चर्चा
बैठक में प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रिया और छात्रवृत्ति से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. सभी दलों और छात्र संगठनों ने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाएं किसी विश्वसनीय भारतीय एजेंसी से कराई जाएं. इसके साथ ही छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई.

JPSC-JSSC मामलों में SIT जांच की मांग
बैठक में JPSC और JSSC सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए राज्य सरकार से विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की गई. नेताओं ने कहा कि उन्हें CBI जांच पर भरोसा नहीं है, इसलिए निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए अलग SIT बनाई जानी चाहिए.

छात्र आंदोलन की निष्पक्ष जांच की मांग
बैठक में यह भी मांग की गई कि परीक्षा गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन में किसी संगठित समूह की संलिप्तता के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक छात्रों के आंदोलन को नुकसान न पहुंचे.
6 अगस्त को मंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 अगस्त को सुबह 9 बजे INDIA गठबंधन और विभिन्न छात्र संगठनों का प्रतिनिधिमंडल झारखंड के श्रम एवं उद्योग मंत्री से मुलाकात करेगा और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा.
संयुक्त संघर्ष जारी रखने का संकल्प
बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों ने छात्रों के भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समय पर छात्रवृत्ति वितरण और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संयुक्त रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.
ALSO READ: SIR पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट नहीं मिलने की शिकायत पर चुनाव आयोग सख्त

