Koderma: जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, कोडरमा डॉ. रमण कुमार द्वारा मेघातरी क्षेत्र का भ्रमण किया गया. इस दौरान इलाजरत कुष्ठ मरीजों के पारिवारिक एवं सामाजिक संपर्क में आए सभी व्यक्तियों की पूर्ण शारीरिक जांच की गई. जांच के क्रम में दो नए कुष्ठ मरीजों की पुष्टि हुई. वहीं कुल 24 संपर्क व्यक्तियों को सिंगल डोज रिफैम्पिसिन (SDR) की खुराक दी गई. डॉ. रमण कुमार ने बताया कि सिंगल डोज रिफैम्पिसिन दिए जाने से कुष्ठ रोग होने की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है. उन्होंने फिजियोथैरेपिस्ट राजीव रंजन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोडरमा के सहयोग से क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर पूरे टोले के लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त, डॉ. रमण कुमार ने दो टीबी मरीजों के घर जाकर उनके इलाज एवं स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा उनके संपर्क में आए व्यक्तियों की भी जांच की. मौके पर फिजियोथैरेपिस्ट राजीव रंजन एवं एएनएम प्रीति कुमारी उपस्थित थीं.



