Hazaribagh: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ट्रैफिक जवानों के मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग की ओर से सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया.

ट्रैफिक जवानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपाधीक्षक, सीसीआर अरमान हक ने यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जवानों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर आयुष कुमार को ‘बेस्ट जवान ऑफ द वीक’ तथा पीताम्बर गोप को ‘बेस्ट टर्नआउट ऑफ द वीक’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने दोनों जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में ट्रैफिक जवानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. तेज धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद जवान लगातार सड़कों पर ड्यूटी निभाते हैं और आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए तत्पर रहते हैं. ऐसे में उनके बेहतर कार्यों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करना न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि पूरी टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है.

ट्रैफिक पुलिस की अहम जिम्मेदारी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराने के साथ-साथ सड़क पर अनुशासन बनाए रखना ट्रैफिक पुलिस की अहम जिम्मेदारी है. इसके लिए जवानों को सतर्कता, संयम, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करना पड़ता है. उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से प्रोत्साहित किए जाने से उनमें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पण की भावना विकसित होती है. सम्मान प्राप्त करने वाले दोनों जवानों ने भी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है. पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि ड्यूटी के दौरान बेहतर प्रदर्शन, अनुशासन, वर्दी की साज-सज्जा, समयबद्धता और आम जनता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जवानों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को आगे भी इसी प्रकार सम्मानित किया जाएगा. अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से यातायात पुलिसकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी और वे अपने कार्यों को और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे. साथ ही इसका सकारात्मक प्रभाव शहर की यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा पर भी पड़ेगा.

AlsoRead:हजारीबाग: VBU में विश्व जनजाति दिवस की पूर्व संध्या पर समारोह आयोजित

