Jamtara: आकना गांव से सटकी स्कूल तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क लंबे समय से जर्जर है. बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से ग्रामीणों, राहगीरों और छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है.

बारिश के बाद गड्ढों में भर जाता है पानी
बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्कूली विद्यार्थियों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिम भरा हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है. विद्यार्थियों के रोजाना इसी मार्ग से गुजरने के कारण अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है.
कई बार दी गई जानकारी, अब तक नहीं हुई पहल
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की समस्या को लेकर कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया जा चुका है. इसके बावजूद सड़क निर्माण या मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है.
बाजार और कॉलेज जाने का प्रमुख मार्ग
आकना-सटकी स्कूल सड़क आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से ग्रामीण बंगाल के बाबूजोड़ बाजार, कॉलेज और अन्य स्थानों तक आवागमन करते हैं. सड़क खराब होने के कारण बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी होती है और उन्हें दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करना पड़ता है.
ALSO READ: रांची: चार बंडल बिजली तार के साथ पुलिस ने शातिर चोर को पकड़ा
ग्रामीणों ने प्रशासन से की जल्द कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर ग्रामीण सब्यसाची बागती, पिंटू बागती, ललन मंडल, मनोज कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द पहल करने की मांग की है. ग्रामीणों ने करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी आकना-सटकी स्कूल सड़क का शीघ्र निर्माण या स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और छात्र-छात्राओं समेत आम लोगों को राहत मिल सके.

