Ranchi : शहर में मंगलवार दोपहर करीब 2:45 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. तेज गर्जन और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. महज 30 मिनट की बारिश ने राजधानी की व्यवस्था की पोल खोल दी. शहर के कई इलाकों में पेड़, होर्डिंग और मोनोपोल सड़क पर गिर पड़े, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जबकि बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. पिछले दो घंटे से शहर के कई हिस्सों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है. बारिश के दौरान कई जगह ओले भी गिरे. तेज हवा के कारण सड़क किनारे लगे बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्ड और पेड़ उखड़कर गिर गए. राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस एसोसिएशन : वर्दीधारी अपने ही संगठन से नाराज, नेतृत्व पर उठ रहे सवाल


कचहरी रोड में कार पर गिरा विशाल पेड़
कचहरी रोड में सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की कार पर विशालकाय पेड़ गिर पड़ा. पेड़ गिरने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने किसी तरह पेड़ की शाखाओं को हटाने का प्रयास किया. गनीमत रही कि उस वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.
कांके रोड में गिरा मोनोपोल
कांके रोड में सड़क किनारे लगा एक बड़ा मोनोपोल तेज हवा के कारण उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा. इससे कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ कराने में जुटी रही.

मोराबादी और हरमू बाइपास में ट्रैफिक जाम
मोराबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क के सामने कई पेड़ सड़क पर गिर पड़े. वहीं हरमू बाइपास रोड में कार्तिक उरांव चौक के दोनों ओर बड़े पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया. वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
डोरंडा, कांटाटोली और लालपुर में फटे होर्डिंग
तेज आंधी के कारण डोरंडा, कांटाटोली और लालपुर इलाके में कई बड़े होर्डिंग फटकर सड़क पर गिर पड़े. कुछ जगह बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए. इसके कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.

शहर में ब्लैकआउट, लोग परेशान
आंधी और बारिश के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई. कई इलाकों में पिछले दो घंटे से बिजली नहीं है. बिजली गुल होने से लोगों को उमस और पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट खोजने और आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं.
असर एक नजर में
▸ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
▸ 30 मिनट की बारिश में शहर अस्त-व्यस्त
▸ कई इलाकों में पेड़ और होर्डिंग गिरे
▸ कचहरी रोड में कार क्षतिग्रस्त
▸ हरमू बाइपास और मोराबादी में जाम
▸ कई इलाकों में दो घंटे से ब्लैकआउट
▸ बारिश के साथ कई जगह ओले भी गिरे
