Pakur: जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत जामजोड़ी पंचायत के चीनपाड़ा गांव में ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित भव्य फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में क्षेत्र की 16 टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया.

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजद जिलाध्यक्ष
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजद जिला अध्यक्ष Mahavir Madaiya शामिल हुए. उनके आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. मुख्य अतिथियों ने मैदान पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं. इसके बाद महावीर मड़ैया, लाल मरांडी और मनोज मड़ैया ने संयुक्त रूप से फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया.

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महावीर मड़ैया ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. इससे अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है.
ALSO READ : विष्णुगढ़ सीओ के संभावित तबादले के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण, डीसी कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन
रोमांचक मुकाबलों के बाद अंबाजोड़ा ने जीता खिताब
नॉकआउट आधार पर आयोजित प्रतियोगिता में दिनभर रोमांचक मुकाबले हुए. फाइनल में एफसी न्यू हॉटपाड़ा मंगल स्टार और एफसी अंबाजोड़ा की टीमों ने जगह बनाई. कड़े संघर्ष और शानदार प्रदर्शन के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में एफसी अंबाजोड़ा ने जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. समापन समारोह में विजेता टीम एफसी अंबाजोड़ा को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹10,000 नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई. वहीं उपविजेता टीम एफसी न्यू हॉटपाड़ा मंगल स्टार को ₹8,000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे ग्रामीण और खेल प्रेमी
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजद किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष लाल मरांडी एवं राजद लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष मनोज मड़ैया उपस्थित रहे. टूर्नामेंट के सफल आयोजन में स्थानीय खेल समिति और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस अवसर पर कालूराम पहाड़िया, सीताराम पहाड़िया, अर्जुन पहाड़िया, बुधीनाथ पहाड़िया, रामकुमार पहाड़िया, सूबना पहाड़िया, सुनील पहाड़िया, धर्म पहाड़िया, देवा पहाड़िया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे.
ALSO READ : राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस पर हमलावर हुई बीजेपी, हॉर्स ट्रेडिंग का लगाया आरोप
