Click Here
Click Here
Click Here

विष्णुगढ़ सीओ के संभावित तबादले के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण, डीसी कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन

Hazaribagh : आमतौर पर अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार, विलंब और जनसमस्याओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन की खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन हजारीबाग...

Hazaribagh : आमतौर पर अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार, विलंब और जनसमस्याओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन की खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में एक अलग तस्वीर देखने को मिली. यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल अधिकारी नित्यानंद कुमार के समर्थन में सड़क पर उतर आए और उनके संभावित तबादले का विरोध किया. ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा मांग की कि अंचल अधिकारी नित्यानंद कुमार को फिलहाल विष्णुगढ़ में ही पदस्थापित रखा जाए, ताकि चल रही भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान पूरा हो सके.

कोनार डैम विस्थापितों की समस्या से जुड़ा है मामला

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि कोनार डैम निर्माण के दौरान विस्थापित हुए कई गांवों, विशेषकर नवाटांड के लोगों को वर्षों से भूमि संबंधी जटिल समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. पुनर्वास के बाद आवंटित जमीनों की रसीद नहीं कटने के कारण लोगों को आवासीय, जाति, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित कई सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

ग्रामीणों का दावा- समाधान की दिशा में बढ़ी प्रक्रिया

ग्रामीणों के अनुसार अंचल अधिकारी नित्यानंद कुमार ने लंबे समय से लंबित इस समस्या को गंभीरता से लिया और इसके समाधान की दिशा में पहल शुरू की. उनके प्रयासों से संबंधित भूमि को डीवीसी के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ी तथा कुछ प्रभावित परिवारों की जमीन की रसीद भी कटनी शुरू हुई. ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार उन्हें लगा कि दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा.

तबादले की चर्चा से बढ़ी चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि अंचल अधिकारी के संभावित तबादले की सूचना मिलने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है. उनका मानना है कि यदि इस चरण में अधिकारी का स्थानांतरण हो जाता है तो लंबित प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और भूमि विवाद का समाधान फिर अधर में लटक सकता है. इसी आशंका को लेकर ग्रामीण उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर अंचल अधिकारी को वर्तमान पद पर बनाए रखने की मांग की.

प्रशासन से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी सरकारी प्रक्रिया का विरोध करना नहीं है, बल्कि उस कार्य को पूरा होते देखना है जो वर्षों से लंबित रहा है. उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की अपील की है.

Also Read : डीसी ने मेदिनीनगर नगर निगम समेत विभिन्न शहरी निकायों के कार्यों की समीक्षा की

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *