Patna: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान राज्यभर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की 157 विकास योजनाओं को जनता को समर्पित किया गया. मुख्यमंत्री ने 238.75 करोड़ रुपये की 114 योजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 47.48 करोड़ रुपये की 43 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी.
पटना स्मार्ट सिटी की 93 करोड़ की परियोजनाएं शुरू
कार्यक्रम के दौरान पटना स्मार्ट सिटी के तहत कुल 9 परियोजनाओं को लॉन्च किया गया. इनमें 6 परियोजनाओं का उद्घाटन और 3 का शिलान्यास शामिल है. करीब 93.50 करोड़ रुपये की लागत वाली इन योजनाओं में रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, ग्रीन एरिया विकास, गार्डन और वॉकिंग पाथवे जैसी सुविधाएं शामिल हैं. साथ ही शहर के 12 प्रमुख स्थानों पर आधुनिक वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे.

मीठापुर में आधुनिक कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने मीठापुर में 10.68 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का उद्घाटन किया. करीब 26 हजार वर्गफुट क्षेत्र में फैले इस चार मंजिला भवन में बैंकिंग, कॉमर्शियल और अन्य नागरिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी. भवन में ओपन एयर कैफे और ओपन एयर थिएटर की भी व्यवस्था की गई है. भविष्य में यह केंद्र मेट्रो नेटवर्क से भी जुड़ जाएगा.

छात्रों और स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार हुआ भवन
मीठापुर क्षेत्र में कई शैक्षणिक संस्थान होने के कारण इस सुविधा केंद्र को विद्यार्थियों और स्थानीय निवासियों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया गया है. भवन के प्रत्येक तल पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं. साथ ही आसपास की सड़क, ड्रेनेज और जलापूर्ति व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है.
Read Also: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले दहशतगर्दो को मिला था मात्र 10 हजार
गंगा किनारे जिग-जैग पार्क और रिवर फ्रंट जनता को समर्पित
पटनावासियों को गंगा तट पर नया पर्यटन और मनोरंजन स्थल भी मिला है. मुख्यमंत्री ने दीघा से सभ्यता द्वार तक विकसित रिवर फ्रंट परियोजना का उद्घाटन किया. जेपी गंगा पथ पर 32.14 करोड़ रुपये की लागत से बने इस रिवर फ्रंट को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. इसके साथ ही कुर्जी मोड़ से एलसीटी घाट तक विकसित 550 मीटर लंबे जिग-जैग पार्क का भी उद्घाटन हुआ. मुंबई की जुहू चौपाटी की तर्ज पर तैयार इस पार्क के निर्माण पर 2.54 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.
पार्क में 2700 से अधिक पौधे, बैठने और घूमने की बेहतर व्यवस्था
जिग-जैग पार्क में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली पर विशेष ध्यान दिया गया है. यहां 2700 से अधिक पौधे लगाए गए हैं. लोगों के बैठने और टहलने के लिए पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध कराया गया है, वहीं कई स्थानों पर बेंच भी स्थापित की गई हैं.
गिग वर्कर्स के लिए बने विशेष एसी लाउंज
पटना में पहली बार डिलीवरी बॉय, ऑटो चालक, कूरियर कर्मियों और बाइक राइडर्स के लिए विशेष एयर कंडीशंड लाउंज की शुरुआत की गई है. गांधी मैदान गेट नंबर-4 और इनकम टैक्स गोलंबर के पास बने इन लाउंज का निर्माण चेन्नई मॉडल पर किया गया है.
चार्जिंग पॉइंट और ठंडे पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध
प्रत्येक लाउंज में लगभग 15 लोगों के बैठने की क्षमता है. यहां मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, ठंडे पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. जीविका दीदियों को भी इस पहल से जोड़ा गया है, जो छाछ, आम पन्ना सहित पारंपरिक पेय पदार्थ उपलब्ध कराएंगी.
Read Also: चाईबासा के कोटगढ़ में विद्यार्थियों के लिए सौगात, हॉस्टल निर्माण कार्य शुरू
बिहार की पहली स्वचालित बाइक पार्किंग बनेगी
राजधानी में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए प्री-फैब्रिकेटेड टू-व्हीलर रोटरी पार्किंग सिस्टम का शिलान्यास किया गया. करीब 4.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह बिहार की पहली स्वचालित बाइक पार्किंग होगी. इसे मौर्यालोक, बोरिंग रोड और कदमकुआं वेंडिंग जोन के समीप स्थापित किया जाएगा.
250 नई आधुनिक दुकानों का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ने 250 नई दुकानों के निर्माण की परियोजना का भी शिलान्यास किया. इसके तहत 50 आधुनिक डिजाइन की स्थायी दुकानों और 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों का निर्माण किया जाएगा. करीब 7.17 करोड़ रुपये की इस परियोजना में बिजली, एलईडी लाइटिंग, ड्रेनेज, प्लंबिंग और ऊर्जा दक्षता से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
पटना के शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा
नगर विकास एवं आवास विभाग की इन परियोजनाओं से पटना की आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है. रिवर फ्रंट, स्मार्ट सिटी सुविधाएं, आधुनिक पार्किंग, गिग वर्कर्स लाउंज और कॉमन सर्विस सेंटर जैसी योजनाएं राजधानी को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही हैं.

