Ranchi: शुक्रवार की दोपहर प्रोजेक्ट भवन सचिवालय के परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थापित जेनरेटर ने अचानक आग की लपेटें उगलनी शुरू कर दीं. दोपहर लगभग 3:30 बजे हुई इस घटना से पूरे परिसर में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही.
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव से पहले ‘गांव की सरकार’ आई याद : आदित्य साहू का हेमंत सरकार पर निशाना
बड़ा हादसा टला
राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस भीषण अगलगी में सचिवालय के महत्वपूर्ण दस्तावेजों और सरकारी कागजातों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. इसका मुख्य कारण जेनरेटर का मुख्य बिल्डिंग से दूर होना बताया जा रहा है. प्रोजेक्ट भवन और जेनरेटर के बीच सुरक्षित दूरी होने के कारण आग और धुआं अंदरूनी दफ्तरों तक नहीं पहुंच पाया.
यह भी पढ़ें : नक्सल प्रभावित इलाके से निकली सफलता की मिसाल, प्रीति कुमारी ने पलामू किया टॉप
फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाल लिया. टीम ने बिना वक्त गंवाए घटनास्थल पर पहुंचकर आग को चारों तरफ से घेरा और कुछ ही समय में उस पर पूरी तरह काबू पा लिया. अग्निशमन विभाग की इस मुस्तैदी की वजह से आग को अन्य मशीनों या बिजली के पैनलों तक फैलने से रोक लिया गया.
