Jamtara: ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने, महिला समूहों को आत्मनिर्भर करने तथा किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में जामताड़ा जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), मनरेगा एवं किसान उत्पादक कंपनियों (FPOs) के संयुक्त प्रयास से जिला समाहरणालय परिसर स्थित ‘दीदी कैफे’ के समीप विशेष आम विक्रय केंद्र का उद्घाटन किया गया.
विक्रय केंद्र का उद्घाटन
इस केंद्र का शुभारंभ उपायुक्त आलोक कुमार एवं उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर ‘लेयर बर्ड यूनिट’ से उत्पादित ताजे अंडों की बिक्री के लिए भी विशेष स्टॉल लगाया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा.

किसानों को मिल रहा सीधा बाजार
प्रशासन के अनुसार, बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत किसानों द्वारा उत्पादित आमों को ‘पलाश’ और ‘अपना मार्ट’ के माध्यम से सीधे बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है. आम्रपाली, मालदा एवं मल्लिका किस्म के आमों की बिक्री जिले के छह प्रखंडों में स्थापित स्टॉलों के जरिए की जाएगी. इसका उद्देश्य किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाकर उनकी आय में वृद्धि करना है.
Also Read: राज्यसभा चुनाव पर JMM का दावा, दोनों सीटों पर उतारेगा उम्मीदवार
महिलाओं की अहम भूमिका
इस अभियान में पलाश से जुड़ी सखी मंडल की दीदियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. महिलाएं स्वयं सहायता समूहों एवं किसानों से सीधे आम और अंडे खरीदकर उपभोक्ताओं तक पहुंचा रही हैं. इससे एक ओर उपभोक्ताओं को ताजे उत्पाद मिल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को विपणन एवं उद्यमिता का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो रहा है.
टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में डीपीएम राहुल रंजन, बीपीएम शफीक अंसारी, समन्वयक इकबाल अहमद सहित JSLPS टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
