Ranchi: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल शुरू कर दी है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि राजधानी रांची में रिम्स-2 की आधुनिक चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी योजना के पहले चरण के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक से 2600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी मिल चुकी है.
गंभीर बीमारियों का होगा इलाज
सरकार की योजना है कि नया मेडिकल कॉम्प्लेक्स अत्याधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस हो. यहां कैंसर, हृदय रोग, किडनी और लीवर से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अलग-अलग एडवांस सेंटर स्थापित किए जाएंगे. मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर जांच, इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष फोकस रहेगा.

Read Also: पूर्व सांसद धीरज साहू ने मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
क्या कहा स्वास्थ्य मंत्री ने
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस परियोजना को जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा. स्वीकृति मिलने के बाद तय समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने की तैयारी है. सरकार का लक्ष्य झारखंड को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों की ओर नहीं जाना पड़े. उन्होंने कहा कि इस मेडिकल परियोजना से राज्य में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. अस्पताल और उससे जुड़े ढांचे के संचालन में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है. सरकार चाहती है कि स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिले.
