Chatra: सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मनीष कुमार (28) पिता विजय दांगी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष कुमार मिट्टी से लदा ट्रैक्टर अपने खेत में भराई कार्य के लिए ले जा रहा था. इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का इंजन आगे की ओर उठ गया. युवक इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए. परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल युवक को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है. ग्रामीणों ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ALSO READ : झारखंड में छात्रों की डिजिटल पहचान बनाने की मुहिम तेज, APAAR ID के बिना कई शैक्षणिक सेवाएं होंगी मुश्किल
