Gumla: बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला बाल संरक्षण अंतर्गत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन टीम द्वारा लगातार निरीक्षण एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में माह अप्रैल से अब तक कुल 14 बच्चों को चिन्हित कर सुरक्षित रोका गया है, जो गुमला जिले से अन्य राज्यों में मजदूरी कार्य करने के लिए जा रहे थे. रोके गए बच्चों में अधिकांश रायडीह, डुमरी और चैनपुर क्षेत्र के बच्चे शामिल हैं.
बस स्टैंड और अन्य स्थानों पर चल रहा जांच अभियान
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अमर कुमार ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन कोऑर्डिनेटर रिजवान हुसैन के पर्यवेक्षण में बच्चों को मजदूरी एवं असुरक्षित परिस्थितियों से बचाने के लिए बस स्टैंड एवं अन्य संभावित स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है.

टीम द्वारा पलायन करने वाले बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई करते हुए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है, जहां से बच्चों को उनके परिवार को सौंप दिया जाता है.
ALSO READ: दो दिनों से लापता वृद्ध का शव मरकच्चो नहर से बरामद, इलाके में सनसनी
अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील
जिला प्रशासन ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा. प्रशासन द्वारा अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को शिक्षा से जोड़ें तथा किसी भी परिस्थिति में उन्हें मजदूरी के लिए बाहर न भेजें. साथ ही बच्चों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जिला प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन को देने की अपील की गई है.
