Ranchi: झारखंड के अलग-अलग जिलों में वेतन भुगतान के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के घोटाले के बाद अब होम गार्ड की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है. होम गार्ड के डीजी ने राज्य के सभी गृह रक्षकों के कर्तव्य भत्ता की निकासी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं.
सत्यापन की अनिवार्यता
इसके तहत अब सभी गृह रक्षकों को अपने कर्तव्य भत्ते की निकासी से पूर्व एक विहित प्रपत्र भरकर अपना सत्यापन कराना अनिवार्य होगा. मुख्यालय ने सभी जिला समादेष्टाओं को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिले या इकाई के अंतर्गत आने वाले सभी गृह रक्षकों से आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें.
Also Read: Census 2027: अब घर बैठे करें जनगणना, 17 अप्रैल से शुरू होगी डिजिटल स्व-गणना सुविधा
तत्काल अनुपालन का निर्देश
यह कार्य अविलंब पूरा करने को कहा गया है, ताकि जवानों के भत्ते के भुगतान में कोई बाधा न आए.
आवश्यक दस्तावेजों का विवरण
मुख्यालय की ओर से जारी किए गए पत्र के मुताबिक जवानों को भुगतान पहचान संख्या, नाम और सैन्य संख्या, मोबाइल नंबर (जो बैंक खाते से लिंक हो), जन्म तिथि और नामांकन, पुनः नामांकन की तिथि, आधार संख्या एवं पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता संख्या और IFSC कोड उपलब्ध कराना होगा. इसके साथ ही आधार कार्ड की फोटोकॉपी, पैन कार्ड की फोटोकॉपी, बैंक पासबुक के पहले पेज की फोटोकॉपी या कैंसिल चेक जमा करने का निर्देश दिया गया है.
