Hazaribagh: हजारीबाग कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव सुरजीत नागवाला ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर हजारीबाग में जल, जंगल और जमीन की लगातार हो रही कथित लूट पर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि जिले में सरकारी जमीन, नदी-नालों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों पर तेजी से अतिक्रमण हो रहा है, जिस पर जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए. सुरजीत नागवाला ने आरोप लगाया कि हजारीबाग की ऐतिहासिक झील के सुंदरीकरण के लिए स्वीकृत 13 करोड़ 97 लाख रुपये की राशि का कार्य गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि स्थल पर निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप दिखाई नहीं देता, जिससे राशि के दुरुपयोग की आशंका पैदा होती है. उन्होंने पूरे प्रोजेक्ट की तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की.
सरकारी जमीन, नदी-नाला और तालाब अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग
कांग्रेस नेता ने कहा कि जिले में सरकारी जमीन, नदी, नालों और तालाबों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है. इसके कारण जल स्रोत समाप्त हो रहे हैं और बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है. उन्होंने सभी अंचलों में विशेष सर्वे कराकर अतिक्रमण चिह्नित करने और अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की मांग की. सुरजीत नागवाला ने कहा कि खास महल की जमीनों की अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने प्रशासन से चल रही जांच को निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
आवास बोर्ड की जमीन और मकानों से हटे अवैध कब्जा
उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग आवास बोर्ड की जमीन और मकानों पर अवैध कब्जे के कारण वास्तविक जरूरतमंदों को आवास का लाभ नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने भौतिक सत्यापन कर अवैध कब्जा हटाने की मांग की.प्रेस वार्ता में सुरजीत नागवाला ने हजारीबाग नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नगर निगम के 140 थाना क्षेत्र में/होल्डिंग की रसीद नहीं कटने का मामला निगम की उदासीनता को दर्शाता है. उन्होंने इस मामले की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की.
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता मनोज नारायण भगत, इंटक प्रदेश सचिव धीरज सिंह, बरकट्ठा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अशोक देव, कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजय प्रजापति, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष साजिद अली खान, सहकारिता जिला अध्यक्ष कृष्ण किशोर प्रसाद, सहकारिता जिला उपाध्यक्ष ए.के. सिन्हा (रॉकी), इंटक नेता परमेश्वर चंद्रवंशी, मनजीत सिंह, अमित सिन्हा, राजेश प्रजापति, सुनील कुमार सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
ALSO READ : रांची: CO सचिदानंद वर्मा की बेल पर हुई सुनवाई, ACB ने केस डायरी के लिए मांगा समय
