Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में हिंडालको कंपनी द्वारा सीएसआर मद से संचालित एवं प्रस्तावित विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर निधि का उपयोग जिले की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कौशल विकास, कृषि और आधारभूत संरचना जैसे जनहित के कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. उन्होंने विभागों से प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए सभी स्वीकृत योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
बर्न यूनिट का निर्माण एक सप्ताह में शुरू करने का आदेश
सदर अस्पताल गुमला में प्रस्तावित बर्न यूनिट के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पाया कि स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है. इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा. उन्होंने हिंडालको के प्रतिनिधियों को एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही सदर अस्पताल के सौंदर्यीकरण का लंबित कार्य भी शीघ्र प्रारंभ करने को कहा.
टीबी मरीजों को नियमित पोषण किट उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में टीबी मरीजों के लिए पोषण किट वितरण की समीक्षा भी की गई. अधिकारियों ने बताया कि पहले से चिन्हित करीब 200 मरीजों को पोषण किट दी जा रही है, लेकिन नए मरीजों तक इसका लाभ नहीं पहुंच पाया है. इस पर उपायुक्त ने सभी पात्र टीबी मरीजों को नियमित रूप से पोषण किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
साइंस लैब, ओपन जिम और सोलर सिंचाई योजनाओं की समीक्षा
फिशरी कॉलेज में प्रस्तावित ओपन जिम निर्माण, विशुनपुर एवं घाघरा प्रखंड में पांच विज्ञान प्रयोगशालाओं के निर्माण और किसानों के लिए 15 स्थानों पर सोलर आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना की भी समीक्षा की गई. हिंडालको प्रतिनिधियों ने बताया कि सिंचाई परियोजनाओं का सर्वे पूरा हो चुका है और बारिश समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. उपायुक्त ने सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध कराने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
आवासीय विद्यालयों में पुस्तकालय और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
बैठक में जिले के 26 आवासीय विद्यालयों में पुस्तकालय निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने सूचीबद्ध विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर पुस्तकालय निर्माण कराने के निर्देश दिए. इसके अलावा पीएम पोषण योजना के तहत आवश्यक सहयोग, आंगनबाड़ी केंद्रों में बर्तनों की उपलब्धता तथा प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी दूर करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया.
खेल सामग्री और विद्यालयों के रेनोवेशन पर भी चर्चा
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं कल्याण विभाग के विद्यालयों की मरम्मत और रेनोवेशन कार्य सीएसआर के माध्यम से कराने पर भी चर्चा हुई. विद्यार्थियों और खिलाड़ियों के लिए विद्यालय बस, खेल सामग्री और स्पोर्ट्स उपकरण उपलब्ध कराने के साथ आगामी बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए.
समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर
उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि सीएसआर योजनाओं का उद्देश्य जिले की वास्तविक जरूरतों को पूरा करना है. उन्होंने सभी विभागों को गुणवत्तापूर्ण और व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार करने तथा स्वीकृत योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके.बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी कुसुम लता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एलीना दास, हिंडालको कंपनी के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
ALSO READ: हाईकोर्ट परिसर में फुटबॉल ग्राउंड के प्रस्ताव पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक
