लू के बीच स्कूल संचालन पर सवाल, समय बदलाव या छुट्टी की मांग तेज

Ranchi: झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू ने बच्चों की सेहत को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है....

Ranchi: झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू ने बच्चों की सेहत को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है. इसी को लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने शिक्षा सचिव को पत्र भेजकर स्कूलों के समय में बदलाव या अवकाश घोषित करने की अपील की है.

बच्चों की सेहत पर सीधा असर

अजय राय ने कहा कि राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है. इसका सबसे ज्यादा असर छोटे स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है. डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है.

दोपहर में स्कूल जोखिम भरा

उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस भीषण गर्मी में बच्चों को दोपहर के समय स्कूल से लाना उनके स्वास्थ्य के साथ सीधा जोखिम लेना है. ऐसी स्थिति में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत निर्णय लेना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

Also Read: जेपीएससी परीक्षा-2025 को लेकर उपायुक्त ने परीक्षा केन्द्रों का किया गया निरीक्षण

एसोसिएशन की प्रमुख मांगें

झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने सरकार के सामने कुछ अहम मांगें रखी हैं. सभी स्कूलों का समय सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक किया जाए. जहां गर्मी का प्रकोप ज्यादा है, वहां कुछ दिनों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाए. साथ ही जिला प्रशासन को स्थानीय तापमान के अनुसार निर्णय लेने का अधिकार दिया जाए.

सरकार से त्वरित फैसले की अपील

अजय राय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है, इसलिए सरकार को बिना देरी किए ठोस कदम उठाने चाहिए. इससे अभिभावकों को राहत मिलेगी और बच्चों की सेहत सुरक्षित रह सकेगी.

शिक्षा सचिव को सौंपा ज्ञापन

इस मुद्दे को लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने शिक्षा सचिव को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजा है. साथ ही इसकी प्रतिलिपि राज्य के शिक्षा मंत्री और रांची के उपायुक्त को भी भेजी गई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *