Giridih: गिरिडीह शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर नगर निगम के नए भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. यह बैठक मेयर प्रमिला मेहरा के कार्यालय कक्ष में हुई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई.
अधिकारियों की रही उच्चस्तरीय मौजूदगी
बैठक में उपमहापौर सुमित कुमार, ट्रैफिक डीएसपी कौशर अली, ट्रैफिक इंस्पेक्टर डुगनु टोपनो, नगर आयुक्त प्रशांत लायक समेत कई संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम की समस्या पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया.
बढ़ती वाहनों की संख्या बनी बड़ी चुनौती
अधिकारियों ने माना कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल होती जा रही है. इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कई ठोस सुझाव सामने आए, जिनमें ट्रैफिक नियंत्रण को और सख्त बनाना, प्रमुख जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नो-पार्किंग जोन को सख्ती से लागू करना और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करना शामिल है.
Also Read: लोहरदगा में जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, उपायुक्त व एसपी ने किया निरीक्षण
ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
इसके अलावा, शहर के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था को दुरुस्त करने और जरूरत पड़ने पर नए सिग्नल लगाने पर भी विचार किया गया. बैठक में यह भी तय किया गया कि जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा.
जल्द लागू होंगे फैसले
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णयों को जल्द ही लागू किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुगम हो सके. नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त प्रयास से गिरिडीह को जाम मुक्त बनाने की दिशा में यह एक अहम पहल मानी जा रही है.
