Koderma : समाहरणालय सभागार में अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग, भारत सरकार-सह-सांसद कोडरमा लोकसभा क्षेत्र एवं अध्यक्ष, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA), कोडरमा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई.
केंद्रीय मंत्री ने की विकास योजनाओं की समीक्षा, सड़क-आवास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
तत्पश्चात माननीय केंद्रीय मंत्री द्वारा ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पथ प्रमंडल, राष्ट्रीय उच्च पथ, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, जिला समाज कल्याण, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डिजिटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, शिक्षा विभाग, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा बिजली विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई.

केंद्रीय मंत्री ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना अंतर्गत दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृत योजनाओं का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए. साथ ही प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से संबंधित स्वीकृत योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया. राष्ट्रीय उच्च पथ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सर्विस लेन, नाली निर्माण एवं सड़क से जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देश दिया गया कि खराब चापाकलों की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें. राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम एवं जिला समाज कल्याण विभाग अंतर्गत केंद्र प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी योग्य लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा के क्रम में सौर ऊर्जा चालित उद्वह सिंचाई योजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. भूमि संरक्षण विभाग द्वारा तालाब निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, साथ ही उपायुक्त को इन योजनाओं की जांच कराने का निर्देश भी दिया गया.
केंद्रीय मंत्री ने भू-अभिलेख, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था की समीक्षा की, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
डिजिटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर लगाकर दाखिल-खारिज एवं राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन करें, ताकि आमजनों को विभागों का चक्कर न लगाना पड़े. इस दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सभी अंचल अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सरकारी जमीनों पर बोर्ड लगाने का निर्देश दिया. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा करते हुए सदर अस्पताल में ब्लड बैंक एवं करमा मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में नामांकन एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
बिजली विभाग की समीक्षा करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही प्रत्येक मंगलवार को आयोजित समाधान दिवस में बिजली संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा गया. केंद्रीय मंत्री ने पुलिस अधीक्षक कोडरमा को जिले में बढ़ते अपराध पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने योजनाओं का किया शिलान्यास, दो एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सभी पदाधिकारियों एवं मनोनीत सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी योग्य लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा, विधायक बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र अमीत यादव, विधायक बरही विधानसभा क्षेत्र मनोज यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव सहित अन्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त दो एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. मौके पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, अपर समाहर्ता, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर सहित अन्य पदाधिकारी एवं मनोनीत सदस्य उपस्थित थे.
Also Read : Hazaribagh: बड़कागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट में आरोपी गिरफ्तार
