Jamshedpur: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में प्यार में मिले कथित धोखे और मानसिक तनाव से तंग आकर एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए ब्लेड से अपना गला काट लिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में खून से लथपथ युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. घायल युवक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा निवासी विजय टोपनो (37 वर्ष) के रूप में हुई है. विजय टाटा मोटर्स में स्थायी कर्मचारी है.

दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध, शादी को लेकर बनी थी सहमति
अस्पताल में पुलिस को दिए अपने बयान में विजय ने बताया कि उसका लुपंगडीह की रहने वाली एक महिला के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों के रिश्ते के बारे में आसपास के लोगों को भी जानकारी थी और वे लुपंगडीह में काफी समय तक साथ भी रहे थे.दोनों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी. हालांकि, पारिवारिक स्थिति काफी जटिल थी. महिला पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं. विजय टोपनो का भी पूर्व में विवाह हो चुका है, लेकिन काफी समय पहले तलाक हो गया था. उसका एक बच्चा भी है. महिला के पहले से विवाहित होने के कारण उनके बीच औपचारिक विवाह नहीं हो पा रहा था.
फोन कॉल पर हुई बहस के बाद उठाया आत्मघाती कदम
विजय के अनुसार, शुक्रवार को घटना से ठीक पहले उसकी संबंधित महिला से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी. कॉल के दौरान महिला ने कुछ ऐसी बातें कहीं, जिससे वह पूरी तरह टूट गया और उसे अहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है. इस बात से अत्यधिक आहत होकर उसने पास में रखे ब्लेड से अपना गला रेत लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस केवल पीड़ित के बयान पर निर्भर न रहकर मामले के हर पहलू को खंगाल रही है.
ALSO READ : पैलेट गन मामले को लेकर सियासत तेज: FIR पर अड़े राहुल गांधी, भाजपा ने कांग्रेस नेता के कदम पर उठाया सवाल

