Giridih: नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी चौक के समीप कोर्ट रोड स्थित ‘मां रानी ज्वेलर्स’ में रविवार को दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और मौका पाकर करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गया. इस पूरी वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मौका देखते ही काउंटर से दो पैकेट सोने के गहने ले भागा चोर
दुकान के मालिक महेश कुमार (पिता—सुदेश राम) निवासी गद्दी मुहल्ला ने बताया कि घटना के समय वे दुकान में अकेले मौजूद थे. इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर आया और विभिन्न प्रकार के गहने दिखाने को कहा. दुकानदार जैसे ही गहने निकालकर दिखाने लगे, आरोपी ने अचानक मौका देखकर काउंटर के अंदर हाथ डाल दिया और दो पैकेट सोने के गहने (प्रत्येक करीब 50 ग्राम) उठा लिए. महेश कुमार ने बताया, जब तक मैं कुछ समझ पाता, वह तेजी से दुकान से बाहर निकल गया. मैंने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बहुत तेजी से भाग निकला. अकेले होने के कारण मैं उसका पीछा नहीं कर सका.
पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद
घटना की सबसे अहम बात यह है कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ देखी जा रही हैं, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. दिनदहाड़े इतनी बड़ी चोरी ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है. दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: जमुआ–चकाई मुख्य मार्ग पर इथेनॉल लदा टैंकर पलटा, हजारों लीटर ज्वलनशील तरल सड़क पर बहा, प्रशासन अलर्ट
