कराईकेला के पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी बनमाली मंडल को भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Chakradharpur: कराईकेला ग्राम पंचायत के पूर्व मुखिया एवं प्रख्यात समाजसेवी स्व. बनमाली मंडल की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के...

BJP leaders
भाजपा नेताओं ने दी समाजसेवी बनमाली मंडल को श्रद्धांजलि

Chakradharpur: कराईकेला ग्राम पंचायत के पूर्व मुखिया एवं प्रख्यात समाजसेवी स्व. बनमाली मंडल की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, कराईकेला मंडल अध्यक्ष सुशांत मंडल, पूर्व मुखिया राजेन्द्र मेलगांडी, प्रशांत साहू, तुलसी महतो, दारे बोदरा, पोरेश मंडल, स्व. बनमाली मंडल के पुत्र राजेश मंडल, दिनेश मंडल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.

बनमाली मंडल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत- डॉ. विजय सिंह गागराई

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा, कि स्व. बनमाली मंडल केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं थे, बल्कि वे समाज के लिए समर्पित ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के कार्यों में लगा दिया. उन्होंने कहा कि आज के दौर में ऐसे निस्वार्थ और कर्मठ व्यक्तित्व विरल ही देखने को मिलते हैं. डॉ. गागराई ने कहा, “स्व. बनमाली मंडल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और हमेशा गरीब, वंचित एवं ग्रामीण समाज के हितों के लिए कार्य किया. उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था कि उनके मार्गदर्शन से क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक नेतृत्व तैयार हुए. उनका निधन केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सिंहभूम क्षेत्र की अपूरणीय क्षति है.”

उन्होंने आगे कहा कि स्व. मंडल ने पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को गति देने और शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कराईकेला उच्च विद्यालय के विकास तथा उसके सरकारीकरण की दिशा में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने समाज को संगठित करने और नई पीढ़ी को सही दिशा देने का कार्य किया, जिसके कारण वे सभी वर्गों के लोगों के बीच सम्मानित रहे.

सदैव याद किए जाएंगे बनमाली मंडल- भाजपा जिला अध्यक्ष

सभा में भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने कहा कि स्व. बनमाली मंडल कराईकेला पंचायत के पूर्व मुखिया के रूप में अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनसेवा के लिए सदैव याद किए जाएंगे. वर्ष 1970 और 1980 के दशक में उन्होंने पंचायत एवं सामाजिक क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है. स्व. मंडल सिंहभूम जिला मंडल समाज के अध्यक्ष के रूप में भी लंबे समय तक सक्रिय रहे और समाज के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए. उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व एवं जनहित के प्रति समर्पण को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उन्हें सच्चा जननेता बताया. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्व. बनमाली मंडल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: राजद विधायक दल की बैठक, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस और झामुमो ने अभी तक नहीं किया कोई संपर्क

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *