Ranchi: भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) के मुद्दे पर कांग्रेस, झामुमो और राजद के खिलाफ निर्णायक जंग का ऐलान कर दिया है. हजारीबाग के फ्लोरिस्टा होटल में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण देकर सशक्त बनाने की ऐतिहासिक पहल की थी, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने षड्यंत्र रचकर इस बिल की राह में रोड़े अटकाए.
हर अच्छे काम का विरोध करना कांग्रेस का पुराना इतिहास
साहू ने कहा कि हर अच्छे काम का विरोध करना और राजनीति करना कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है. इस बिल का विरोध कर झामुमो, कांग्रेस और राजद ने अपना महिला विरोधी चरित्र उजागर कर दिया है. यह एक ऐसा जघन्य पाप है, जिसके लिए देश की आधी आबादी उन्हें कभी माफ नहीं करेगी. साहू ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में पिछले 6 वर्षों में 10,000 से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं, जो सरकार की विफलता का प्रमाण हैं.
कांग्रेस के लिए परिवार ही नारी शक्ति: डॉ. नीरा यादव
कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के लिए महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक नारा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष को सत्ता विरासत में मिली है, वे ग्रासरूट की महिलाओं का दर्द नहीं समझते. कांग्रेस के लिए नारी शक्ति सोनिया गांधी से शुरू होकर प्रियंका गांधी पर खत्म हो जाती है. उन्हें आम महिलाओं के हक से कोई सरोकार नहीं है. उन्होंने सभी दलों की महिलाओं से एकजुट होकर अपनी हकमारी करने वाले विपक्षी दलों को सबक सिखाने की अपील की.
आंदोलन की रूपरेखा: आक्रोश पदयात्रा से गांव-गांव तक घेराव
• 25 अप्रैल: राजधानी रांची के मोराबादी मैदान से एक विशाल आक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों महिलाएं शामिल होंगी.
• 25 से 30 अप्रैल: झारखंड के सभी 595 मंडलों में पदयात्रा आयोजित की जाएगी.
• पुतला दहन: इस दौरान गांव, पंचायत और मंडल स्तर पर कांग्रेस व विपक्षी गठबंधन का पुतला दहन किया जाएगा.
• जन-जागरण: भाजपा कार्यकर्ता हर घर पहुंचकर महिलाओं को बताएंगे कि कैसे उनके आरक्षण के अधिकार को विपक्ष ने छीना है.
यह भी पढ़ें: पलामू में ब्लैक शीशों पर सख्ती, पुलिस का विशेष अभियान जारी
