मेले में खूनी खेल: साक्षरता चौक पर फायरिंग से मची अफरा-तफरी

Sahibganj: जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षरता चौक के पास आयोजित यज्ञ मेला सोमवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज...

Sahibganj: जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षरता चौक के पास आयोजित यज्ञ मेला सोमवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. मध्य रात्रि करीब 12 बजे हुई इस हिंसक घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अचानक हुई फायरिंग के बाद मेले में आए लोगों के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती

आनन-फानन में घायल युवक को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.

ALSO READ: रांची में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, डिलीवरी से दो दिन पहले मिली लाश

खिलौना बेचकर करता था गुजारा

घायल युवक की पहचान चानन निवासी 19 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है. शिव पिछले कई दिनों से मेले में छोटी सी दुकान लगाकर खिलौने बेचकर अपना जीवनयापन कर रहा था. उसकी बहन फूलो देवी ने बताया कि वह रोज की तरह सोमवार को भी दिनभर दुकान पर था.

खाना खाते समय लगी गोली

रात करीब 12 बजे दुकान बढ़ाने के बाद वह वहीं बैठकर खाना खा रहा था, तभी अचानक एक गोली आकर उसके चेहरे की ठुड्डी (चिन) में जा लगी. अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने और किस इरादे से चलाई.

डॉक्टरों ने बताई गंभीर स्थिति

अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में तैनात डॉ. मुकेश ने बताया कि गोली लगने के कारण युवक के जबड़े की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. गोली चेहरे के संवेदनशील हिस्से में लगी है, जिससे अधिक रक्तस्राव हुआ है.

पुलिस ने शुरू की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी आपसी रंजिश का नतीजा है या हवाई फायरिंग की दुर्घटना.

दहशत का माहौल, आरोपी फरार

फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिससे मेला क्षेत्र में दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *