Bokaro: चास नगर निगम को मिली शिकायत पर फूड ऑफिसर द्वारा अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर वैभव होटल के समीप स्थित “दी चारकोल” रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई. जांच में कई भारी अनियमितताएं सामने आईं. रसोईघर में पुराना सना हुआ आटा रखा हुआ मिला. चिकन भी तीन से चार दिन पुराना पाया गया. इसके अलावा बेसिन, चूल्हा और डस्टबिन बेहद गंदी स्थिति में मिली. पूरे परिसर से दुर्गंध आ रही थी, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई.
साफ-सफाई के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं
निरीक्षण के दौरान फूड इंस्पेक्टर ने रेस्टोरेंट संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए ₹10,000 का जुर्माना लगाया. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि साफ-सफाई के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा, क्योंकि आम लोग रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले भोजन का सेवन करते हैं. ऐसी लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.

नगर निगम ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को तत्काल स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने तथा भविष्य में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. स्थानीय लोगों ने भी इस प्रकार की गंदगी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित निरीक्षण की मांग की है.
