Ranchi: राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित राज्य खाद्य निगम के कडरू गोदाम संख्या-02 में गुरुवार को राशन उठाव रोकने का विरोध करने पर मजदूरों ने एकजूट होकर ट्रांसपोर्टिंग एजेंट अजीत कुमार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया. इस संबंध में पीड़ित एजेंट अजीत कुमार की लिखित शिकायत पर अरगोड़ा थाना ने सोनू साव, गौतम पटेल, रंजन साव, अवधेश साव, पंकज साव, संजय राय, सरोज साव, बबलू साव, सूरज साव, जयनाथ साव और विकास साव (सभी कडरू गोदाम के मजदूर) के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है.
चोरी के आरोप का विरोध करने पर भड़के मजदूर
दर्ज मामले के अनुसार, अजीत कुमार वर्ष 2025 से कडरू गोदाम संख्या-02 में ट्रांसपोर्टिंग एजेंट के रूप में कार्यरत हैं. गुरुवार (11 जून) को सुबह करीब 10:30 बजे मजदूरों द्वारा गोदाम से राशन का उठाव रोक दिया गया था. जब अजीत कुमार दोपहर को गोदाम पहुंचे और काम बंद होने का कारण पूछा, तो मजदूरों ने कहा कि कल डीलर की दुकान पर चोरी करते समय हमारे एक आदमी को मारा गया है, इसलिए हमलोग काम बंद किए हैं.

एजेंट अजीत कुमार ने जब उनसे काम सुचारू रखने को कहा और आश्वासन दिया कि वह मारने वाले से पूछताछ करेंगे, तो इतने पर ही मजदूर भड़क गए और बहस करने लगे.
बीच-बचाव के कारण बची जान, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
बहस के दौरान ही आक्रोशित मजदूरों ने गाली-गलौज करते हुए अजीत कुमार को जमीन पर पटक दिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. चीख-पुकार सुनकर मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिन्होंने बीच-बचाव कर अजीत कुमार की जान बचाई. पीड़ित का कहना है कि अगर लोग नहीं जुटते तो मजदूर उन्हें जान से मार डालते.
सीसीटीवी फुटेज सौंपकर कार्रवाई की मांग
पीड़ित अजीत कुमार ने पुलिस को बताया कि पूरी वारदात गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो फुटेज उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
